हरिद्वार
नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही आम जनता और वाहन चालकों को महंगाई का एक और झटका लगा है। एक अप्रैल से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने भगवानपुर और बहादराबाद टोल प्लाजा पर टोल दरों में बढ़ोतरी लागू कर दी है, जिससे रोजाना सफर करने वाले लोगों और परिवहन कारोबारियों की जेब पर सीधा असर पड़ना तय है।हालांकि, मासिक पास धारकों को इस बार राहत दी गई है और उनकी दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।एनएच पीआईयू रुड़की के तकनीकी प्रबंधक राहुल मीणा के अनुसार, भगवानपुर टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन जैसे हल्के वाहनों के सिंगल यात्रा शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह 55 रुपये ही रहेगा, लेकिन वापसी शुल्क 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दिया गया है।वहीं, हल्के वाणिज्यिक वाहन और मिनी बसों के सिंगल शुल्क को 85 से बढ़ाकर 90 रुपये और रिटर्न शुल्क 130 से बढ़ाकर 135 रुपये कर दिया गया है। बस और ट्रक श्रेणी के वाहनों का सिंगल शुल्क 180 से बढ़कर 185 रुपये और रिटर्न 275 से बढ़कर 280 रुपये हो गया है। तीन एक्सल वाणिज्यिक वाहनों के लिए सिंगल 200 से बढ़ाकर 205 रुपये और रिटर्न 300 से बढ़ाकर 305 रुपये निर्धारित किया गया है।उधर, बहादराबाद टोल प्लाजा पर भी नई दरें लागू कर दी गई हैं। यहां कार, वैन और जीप का एकतरफा टोल 130 से बढ़ाकर 135 रुपये कर दिया गया है, जबकि उसी दिन वापसी का शुल्क 200 रुपये रखा गया है। हल्के वाणिज्यिक वाहनों के लिए एकतरफा 215 और रिटर्न 325 रुपये तय किया गया है।बस और ट्रक (दो एक्सल) के लिए एकतरफा शुल्क 450 रुपये और रिटर्न 675 रुपये कर दिया गया है, जबकि तीन एक्सल वाहनों के लिए क्रमशः 490 और 735 रुपये निर्धारित किए गए हैं।टोल दरों में इस बढ़ोतरी का असर सीधे तौर पर माल भाड़े और यात्री किराए पर पड़ना तय माना जा रहा है। ऐसे में आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा और रोजमर्रा की यात्रा पहले से ज्यादा महंगी हो जाएगी।
