रुड़की
रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र स्थित दिल्ली रोड के एक होटल में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार युवक बीते दिन एक युवती के साथ होटल में ठहरा था। होटल कर्मचारियों ने बताया कि रात करीब 9 बजे के बाद दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले। बुधवार सुबह जब चेकआउट का समय हुआ तो होटल स्टाफ ने कई बार कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल कर्मचारियों ने 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सीओ रुड़की ओशिन जोशी और सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया तो युवक और युवती के शव बेड पर पड़े मिले। घटना के बाद होटल परिसर में हड़कंप मच गया।मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कमरे से कई अहम साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए कब्जे में लिए हैं। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान नाथूखेड़ी निवासी के रूप में हुई है। युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। हालांकि युवती की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है और ना ही किसी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी मिली है।

सीओ रुड़की ओशिन जोशी ने बताया कि शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका सामने आ रही है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
