रुड़की
हरिद्वार पुलिस ने एक बेहद गंभीर अपराध का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए, मात्र 36 घंटे के भीतर होटल संचालक के बेटे के अपहरण व हत्या की गुत्थी सुलझा दी। घटना में मृतक के परिजनों से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। गठित पुलिस टीम ने मुख्य साजिशकर्ता सहित दो आरोपी दबोच कर मामले को हल किया।
बेड़पुर कलियर निवासी होटल संचालक नसीर ने थाना कलियर पर 07 सितंबर 2025 को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि दिनांक 06 सितंबर की देर रात उनके दामाद के मोबाइल पर उनके बेटे अनवर के मोबाइल से कॉल आया। कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने अनवर के अपहरण की सूचना दी और उसकी सुरक्षित रिहाई के लिए 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इस पर थाना कलियर में मुकदमा संख्या 247/2025 दर्ज कर उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने मामले की मॉनिटरिंग खुद संभाली और तत्काल थाना कलियर व सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम का गठन कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने डिजिटल सबूत और प्रारंभिक लीड्स के आधार पर बेड़पुर कलियर के रहने वाले किराएदार अमजद और उसके साथी फरमान उर्फ लालू से कड़ी पूछताछ शुरू की।
साजिश का पर्दाफाश
पूछताछ में दोनों ने बताया कि पैसे की लालच में यूट्यूब पर क्राइम पेट्रोल देख कर अपहरण, हत्या व फिरौती की योजना बनाई। अनवर को अपनी दुकान पर बुलाकर गला घोंट कर हत्या की। शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर मोटरसाइकिल की टंकी पर रखा और फरमान अकेले ही धनौरी रोड तक ले गया। रास्ते में पंचर होने पर अमजद ई-रिक्शा लेकर फरमान के पास पहुंचा और दोनों ने शव को सुमन नगर के पास नहर में फेंक दिया।
इसके बाद मेला घूमकर लौटते वक्त अमजद ने मृतक के जीजा को फोन कर 25 लाख की फिरौती की मांग की। मृतक का मोबाइल बंद कर दोनों आरोपी घर लौट गए।
बरामदगी व गिरफ्तारी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल, ई-रिक्शा, मृतक का मोबाइल फोन व शव रखने वाला प्लास्टिक बोरा बरामद किया। मुख्य आरोपी अमजद (33 वर्षीय, पुत्र सफीक) व फरमान उर्फ लालू (32 वर्षीय, पुत्र यामीन) को गिरफ्तार किया गया।
इस सफलता में प्रमुख योगदान देने वाली टीम में शामिल हैं-
नरेन्द्र पंत (पुलिस उपाधीक्षक रुड़की),एसओ रविन्द्र कुमार,व0उ0नि0 बबलू चौहान,उ0नि0 उमेश कुमार,अ0उ0नि0 पुष्कर सिंह चौहान साथ ही अन्य कई पुलिस कर्मी और SOG टीम रुड़की की सहभागिता रही।
