रुड़की
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्ती दिखाते हुए 6 और 7 अगस्त को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान रुड़की शहर और आसपास के क्षेत्रों से मिठाइयों के कुल 6 सैंपल लिए गए, जिनमें बर्फी, सफेद रसगुल्ला, बेसन लड्डू, मिल्क केक, कलाकंद आदि शामिल हैं।

साथ ही एक दुग्ध निर्माण इकाई से दूध, दही और छाछ के सैंपल भी जांच हेतु लिए गए। कुल 9 नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला को भेजे गए हैं, जहां इनकी शुद्धता और गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी की संभावना अधिक रहती है, ऐसे में उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए नियमित जांच जरूरी है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी सैंपल में मिलावट पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
