रुड़की
आर्मी इंटेलिजेंस और स्थानीय इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की से संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। आरोपी के पास से सेना की वर्दी, पहचान पत्र, एक लैपटॉप, मोबाइल और 18 डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सेना की वर्दी में घूम रहे इस युवक की हरकतें संदिग्ध लगने पर सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी युवक के रूप में हुई है।आर्मी और पुलिस टीम ने जांच में पाया कि आरोपी सेना में भर्ती होने की झूठी पहचान बनाकर लोगों को धोखा देने की कोशिश कर रहा था। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले से ही सेना में भर्ती का दावा कर रहा था और इसी बहाने आसपास के लोगों से संपर्क बनाता था।सूत्रों के मुताबिक, युवक की पहचान 28 वर्षीय संदीप सिंह निवासी सिरसा, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे रुड़की के आदर्शनगर इलाके से गिरफ्तार किया।जांच के दौरान आरोपी के पास से 18 डेबिट कार्ड, सेना की वर्दी, सेना का आईडी कार्ड, लैपटॉप, मोबाइल और कुछ दस्तावेज बरामद किए गए हैं। आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है।एलआईयू और आर्मी इंटेलिजेंस यूनिट ने उसके मोबाइल और लैपटॉप को जब्त कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने ये सभी डेबिट कार्ड कहां से और किस उद्देश्य से जुटाए थे।रुड़की कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला फर्जी पहचान और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क की जानकारी खंगाली जा रही है।
