हरिद्वार
हरिद्वार पुलिस महकमे में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने कानून व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में व्यापक बदलाव किए हैं। इस तबादला सूची के बाद कई महत्वपूर्ण थानों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है, जिससे पुलिसिंग में नई ऊर्जा और कार्यशैली की उम्मीद जताई जा रही है।
इस फेरबदल के तहत निरीक्षक रितेश शाह को कोतवाली नगर से स्थानांतरित कर कोतवाली भगवानपुर भेजा गया है, जबकि निरीक्षक कुंदन राणा को ज्वालापुर से नगर कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निरीक्षक चन्द्रभान सिंह को पुलिस लाइन से ज्वालापुर कोतवाली में तैनात किया गया है। निरीक्षक विजय सिंह को बहादराबाद से हटाकर झबरेड़ा थाने की कमान सौंपी गई है, जबकि निरीक्षक अमरजीत को मंगलौर से बहादराबाद कोतवाली भेजा गया है।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं। उपनिरीक्षक सुखपाल मान को पुलिस लाइन से मंगलौर में एसएसआई बनाया गया है। निरीक्षक भगवान सिंह मेहर को बुग्गावाला से हटाकर मंगलौर कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है। उपनिरीक्षक अंकुर शर्मा को भगवानपुर से बुग्गावाला थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि उपनिरीक्षक मनोज गैरोला को मंगलौर से बहादराबाद में एसएसआई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक अजय शाह और नितिन बिष्ट को क्रमशः झबरेड़ा और बहादराबाद से हटाकर पुलिस कार्यालय में तैनात किया गया है। माना जा रहा है कि यह फेरबदल आगामी चुनौतियों और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिहाज से किया गया है। पुलिस महकमे में हुए इस बड़े बदलाव के बाद अब नई तैनाती पर अधिकारियों की कार्यशैली और क्षेत्र में पड़ने वाले असर पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
