रुड़की
मंगलौर के पनियाला गांव स्थित बाईपास पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, ईंटें लेकर आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर अचानक एक ट्रक पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के नीचे दबने से ट्रैक्टर चालक और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की टीम भी मौके पर पहुंची और ट्रक, ट्रैक्टर व बिखरी हुई ईंटों को हटवाकर यातायात को दोबारा सुचारू करवाया गया।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
