देहरादून उत्तराखंड
देहरादून में औषधि विभाग की टीम ने आज कई मेडिकल स्टोरों पर एक साथ औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त, फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन उत्तराखंड के निर्देशों एवं अपर आयुक्त द्वारा गठित टीम को दिए गए आदेशों के तहत यह कार्रवाई की गई।

औषधि निरीक्षक मानेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में टीम ने चकराता रोड, किशननगर चौक, बल्लूपुर चौक, कांवली रोड, बल्लीपुर चौक और प्रेमनगर क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों को खांसी व सर्दी-जुकाम में दी जाने वाली कफ सिरप दवाओं के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाई गई।टीम ने मौके पर प्रतिष्ठानों में रखी दवाओं को सील किया और निर्देश दिए कि इन दवाओं का विक्रय अगली आदेश तक न किया जाए। विभाग को यह भी जानकारी मिली कि कई औषधि विक्रेताओं ने स्वयं संज्ञान लेते हुए इन सिरपों को बिक्री से हटा दिया था। ऐसे सभी स्टॉक को टीम ने मौके पर सील कर दिया।

कार्रवाई के दौरान 11 औषधियों के नमूने गुणवत्ता जांच हेतु लिए गए, जबकि पिछले चार दिनों में कुल 27 कफ सिरप के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान प्रश्नगत औषधियां जैसे—
Syp. Coldrif,Syp. Respifresh-TR,Syp. रिलीफे का कोई स्टॉक उपलब्ध नहीं पाया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में औषधि निरीक्षक विनोद जगुड़ी और श्रीमती निधि रतूड़ी भी शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि देहरादून जिले में इस प्रकार की सघन जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
