रुड़की झबरेड़ा
ग्राम सढ़ौली में आज का दिन गांववासियों के लिए यादगार बन गया, जब झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार जाति ने विधायक निधि से निर्मित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर के बरामदे का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने अपने जनप्रतिनिधि का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार से हुई। विधायक वीरेंद्र कुमार जाति ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर बरामदे का लोकार्पण किया। ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों ने विधायक को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मंदिर में बरामदा बनने से श्रद्धालुओं को धूप, बारिश और ठंड से बचाव मिलेगा, जिससे धार्मिक आयोजन और भी सुविधाजनक हो जाएंगे।

अपने संबोधन में विधायक वीरेंद्र कुमार जाति ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं समाज को एकता, भाईचारे और समानता का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है कि वह समाज के हर वर्ग की धार्मिक और सामाजिक आवश्यकताओं का ध्यान रखें।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी विधायक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गांव के विकास और धार्मिक स्थलों के संरक्षण में विधायक का योगदान सराहनीय है। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग मौजूद रहे।
