रुड़की
श्रीराम मंदिर रामनगर में सैनी परिवार द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीशिव महापुराण कथा का समापन हवन-यज्ञ और पूजन के साथ हुआ। कथा व्यास पंडित कैलाशचंद्र शास्त्री ने श्रावण माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह माह भगवान शिव का प्रिय मास है और इसमें किए गए पुण्य कार्य परिवार और समाज को कष्टों से मुक्ति दिलाते हैं।
कथा व्यास ने बताया कि धर्म और संस्कृति के प्रति आज की युवा पीढ़ी में घटती जागरूकता चिंता का विषय है, ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने के लिए बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने सात दिनों तक सुनाए गए प्रसंगों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य यजमान वीरेन्द्र सिंह सैनी उर्फ टीटू और महेंद्र सिंह सैनी ने कहा कि भगवान शिव से प्रार्थना है कि हर वर्ष इस आयोजन का सौभाग्य उन्हें मिलता रहे। समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस मौके पर राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, चेयरमैन नरेश सिंह सैनी, सुरेन्द्र सिंह सैनी, प्रदीप कुमार, रोमा सैनी, मनीष सैनी, संजय अरोड़ा, सतीश कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
