रुड़की
रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आसफनगर गांव में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने एक युवती को कथित तौर पर पाकिस्तान के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मामले में गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इस हाईप्रोफाइल मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।बताया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में कुछ दिन पहले पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान युवक ने रुड़की के कलियर क्षेत्र निवासी एक युवती का नाम उजागर किया। इसी इनपुट के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस सीधे हरिद्वार जिले के पिरान कलियर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आसफनगर गांव में दबिश दी।सूत्रों के मुताबिक पुलिस को युवती की पहचान करने में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। पहचान की पुष्टि होने के बाद युवती को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और युवती को अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई।हालांकि छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कोई बड़ी नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन जांच एजेंसियों को शक है कि युवती का बैंक अकाउंट “म्यूल अकाउंट” के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोप है कि इसी अकाउंट के जरिए बड़ी मात्रा में संदिग्ध लेन-देन किए गए। मामले में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट मोड में हैं।इस अचानक हुई कार्रवाई से युवती के परिजन और ग्रामीण भी हैरान रह गए। गांव में दिनभर पुलिस कार्रवाई और पाकिस्तान लिंक की चर्चाएं होती रहीं। लोगों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि आखिर इतने बड़े स्तर पर कथित ट्रांजेक्शन का नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने युवती की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज केस से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस को आवश्यक सहयोग दिया है और आगे की जांच संबंधित एजेंसी द्वारा की जा रही है।
