रुड़की
भारतीय किसान यूनियन (कुक्का क्रांति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुक्का सिंह राजपूत ने प्रेस वार्ता कर परिवहन विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।प्रेस क्लब रुड़की में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कुक्का सिंह राजपूत ने कहा कि राजधानी में बैठे परिवहन विभाग के अधिकारी अपने इशारों पर निचले स्तर के अधिकारियों से खुली लूट करा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “ग्रीन कार्ड” के नाम पर यात्रियों और वाहन चालकों से धड़ल्ले से वसूली की जा रही है।कुक्का सिंह राजपूत ने बताया कि हाल ही में उन्होंने परिवहन आयुक्त से मुलाकात की थी, जहां उन्हें स्पष्ट किया गया कि चारधाम यात्रा के दौरान वाहन फिटनेस की सख्ती उतनी नहीं होती, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन की स्थिति और चालक के दस्तावेजों की जांच प्राथमिकता होती है।लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि जमीनी स्तर पर हालात बिल्कुल अलग हैं। खासकर नारसन बॉर्डर पर गाइडलाइन के विपरीत चेकिंग की जा रही है और फिटनेस के नाम पर तकनीकी अधिकारी जमकर वसूली कर रहे हैं।किसान यूनियन नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस कथित “लूट योजना” पर रोक नहीं लगाई गई, तो संगठन जल्द ही नारसन बॉर्डर, ऋषिकेश और रोशनाबाद में बड़ा धरना प्रदर्शन करेगा और जिम्मेदार अधिकारियों को बेनकाब करेगा।उन्होंने प्रदीप बत्रा और पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि इस पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जाए।कुक्का सिंह ने यह भी कहा कि ग्रीन कार्ड केवल कागजों की जांच के आधार पर जारी होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में निजी और कमर्शियल वाहनों से तय रकम के अनुसार वसूली की जा रही है, जो यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी और व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।इस प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष कुक्का सिंह राजपूत के साथ राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्षा रजनी, राष्ट्रीय संयोजक सुनील पंवार सांसिया और राष्ट्रीय वित्तीय सलाहकार प्रवीण धीमान भी मौजूद रहे।
