देहरादून रुड़की
आज झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरेंद्र जात्ती ने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान को लेकर एक अहम कदम उठाया। उन्होंने इस मामले में गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाक़ात की और क्षेत्र की इक़बालपुर शुगर मिल द्वारा गन्ना किसानों के भुगतान में लंबे समय से हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
विधायक जात्ती ने मंत्री को अवगत कराया कि झबरेड़ा क्षेत्र के सैकड़ों गन्ना किसान कई महीनों से अपने भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने किसानों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए आर.सी. (Recovery Certificate) कटवाने की माँग रखी।
विधायक की पहल पर मंत्री सौरभ बहुगुणा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप आज इक़बालपुर शुगर मिल की वसूली आर.सी. की कटाई की प्रक्रिया पूरी की गई। इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है।
इस अवसर पर भगवानपुर की विधायक ममता राकेश भी मौजूद रहीं। उन्होंने गन्ना किसानों के समर्थन में अपनी बात रखी और इस निर्णय का स्वागत किया। ममता राकेश ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए इस तरह की पहलें बेहद ज़रूरी हैं।
विधायक वीरेंद्र जात्ती ने कहा –
गन्ना किसान हमारे समाज की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और त्याग से ही देश की अर्थव्यवस्था मजबूत रहती है। किसानों की समस्याओं को लेकर हमारी लड़ाई केवल एक आर.सी. तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके हक़ और सम्मान की सतत लड़ाई है।
विधायक ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी भी शुगर मिल द्वारा किसानों के भुगतान में देरी या अन्यायपूर्ण व्यवहार किया गया, तो उसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।यह निर्णय गन्ना किसानों के हित में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जो न केवल किसानों के विश्वास को मज़बूती देगा बल्कि आने वाले समय में शुगर मिलों पर भी समय पर भुगतान का दबाव बनाएगा।
