रुड़की
ग्राम पंचायत लठारदेवा हुन एवं खानमपुर कुरसाली की लगभग 18 बीघा भूमि, जो वर्ष 2002 से अशाई ग्लास इंडिया कंपनी के कब्जे में थी, को वापस दिलाने के लिए आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की, तहसीलदार रुड़की, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, अशाई ग्लास इंडिया के प्रतिनिधि और क्षेत्रीय ग्रामवासी मौजूद रहे।
बैठक में भूमि से जुड़े सभी पहलुओं पर गहन चर्चा की गई। प्रशासन ने साफ़ किया कि ग्राम पंचायत की भूमि पर अनधिकृत कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसमें आगे की कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने की योजना बनाई गई है, जिससे भूमि शीघ्र ही पंचायत के नाम दर्ज हो सके।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से कंपनी के कब्जे में होने के कारण विकास कार्य बाधित हो रहे थे। उन्होंने प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इससे गांव का समग्र विकास संभव होगा। अशाई ग्लास इंडिया के प्रतिनिधियों ने भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की ने कहा
“ग्राम पंचायत की भूमि ग्रामवासियों की साझा संपत्ति है, जिस पर पंचायत का पूर्ण अधिकार होना चाहिए। प्रशासन का लक्ष्य शीघ्र समाधान करना है।”
कार्ययोजना के तहत राजस्व एवं संबंधित विभाग भूमि माप, कागजात जाँच और अन्य आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी करेंगे। इस पहल से न केवल पंचायतों के अधिकार सुरक्षित होंगे, बल्कि ग्रामीण विकास योजनाओं को भी गति मिलेगी।
बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक चौधरी, सुरेश मास्टर जी, अमित कुमार, जगपाल जी, देशराज जी और रामकुमार सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
