रुड़की
रुड़की में आज संयुक्त मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण एवं अधिष्ठान (Enthronement) की रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट (MNA) रुड़की, थाना प्रभारी गंगनहर व सिविल लाइन्स, अधिशासी अभियंता सिंचाई, लोक निर्माण विभाग (PWD), ग्रामीण निर्माण विभाग (RWD), खंड विकास अधिकारी रुड़की एवं नारसन, सभी नगर पंचायत एवं नगर पालिका प्रतिनिधि तथा राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सख्त निर्देश दिए कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बरतने, समय-समय पर आपसी समन्वय के तहत संयुक्त निरीक्षण करने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।

साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि जन-जागरूकता अभियान चलाकर आम नागरिकों को शासकीय भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि नागरिक स्वयं भी इस दिशा में सहयोग करें।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी विभाग एकजुट होकर, प्रभावी समन्वय से मिलकर अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कदम उठाएंगे, जिससे सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
