रुड़की/उत्तराखंड
उत्तराखण्ड विधानसभा के मानसून सत्र में रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने शहर की यातायात, ऊर्जा निगम की पदोन्नति व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा और खेल सुविधाओं से जुड़े अहम मुद्दे सदन में उठाए।
दो बस अड्डों की मांग – बत्रा ने कहा कि ऐतिहासिक शहर रूड़की गंगा नहर से दो हिस्सों में बंटा है और यहां से होकर दो नेशनल हाईवे गुजरते हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए उन्होंने अब्दुल कलाम चौक व सालियर के पास दो रोडवेज बस अड्डे बनाने की मांग की।
ऊर्जा निगम में पदोन्नति -विधायक ने नियम 300 के तहत बताया कि उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन में 93 स्वीकृत पदों में से 40 अधिशासी अभियंता के पद खाली हैं। 2008-09 से कार्यरत 38 सहायक अभियंता अब तक पदोन्नति से वंचित हैं। उन्होंने शीघ्र पदोन्नति कर न्याय दिलाने की मांग की।
खाद्य सुरक्षा पर सवाल – तारांकित प्रश्न के तहत पूछा कि राज्य में खाद्य सुरक्षा योजना पूरी तरह लागू क्यों नहीं हो पाई और सफेद कार्डों की संख्या बढ़ाने की सरकार की क्या योजना है।
खेल प्रतिभाओं पर प्रश्न -अतारांकित प्रश्न में उन्होंने जानकारी मांगी कि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स अकादमी, देहरादून में राज्य के सभी जिलों व ब्लॉकों से कितने बच्चों का चयन हुआ है और किन-किन खेलों में अवसर दिया गया।
विधानसभा में आज प्रदीप बत्रा ने एक साथ यातायात, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और खेलों से जुड़े मुद्दे उठाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
