रुड़की
लंबे समय से उठाई जा रही सड़क चौड़ीकरण की मांग को आखिरकार मंज़ूरी मिल गई है। अब्दुल कलाम चौक से कोर कॉलेज (पुराना एनएच-58) तक सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव पास कर लिया गया है।
इस मार्ग पर सड़क की चौड़ाई कम होने और वाहनों के गलत दिशा में चलने से आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की समस्या सामने आ रही थी। इसी मुद्दे को लेकर विधायक प्रदीप बत्रा ने कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराया। हाल ही में 29 जुलाई को गढ़वाल मंडल आयुक्त और 14 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने इसे आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और रुड़की के विकास से जोड़ते हुए सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी। अब रिलायंस पेट्रोल पंप से कोर कॉलेज तक का यह मार्ग चौड़ा और सुगम बनेगा।

विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि यह परियोजना रुड़की की नई पहचान बनेगी और हाईवे से सीधे शहर को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल यातायात की समस्या कम होगी बल्कि शहर का सौंदर्य भी निखरेगा।
विधायक ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंज़ूरी देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
