हरिद्वार रुड़की
हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। देहरादून से दिल्ली और जयपुर जा रही महालक्ष्मी फिलिप्स वोल्वो बस में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।जानकारी के अनुसार बस संख्या MP44 ZC 6994 बुधवार सुबह करीब 4 बजे देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे शांतारशाह पुलिस चौकी के निकट पहुंची, उसमें तकनीकी खराबी के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं रुड़की से फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया, जिसने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

बस चालक अरुण कुमार ने प्रारंभिक तौर पर बताया कि आग इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई थी। बस में दो विदेशी नागरिक भी सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में यात्रियों का सामान बस में ही रह गया और अधिकांश सामान आग की भेंट चढ़ गया।पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। यात्रियों ने समय पर सहायता और बेहतर व्यवस्था के लिए हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
