रुड़की
मलेशिया में आयोजित द्वितीय एशियन पैरा थ्रो बॉल चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर लौटे खिलाड़ियों का आज रुड़की के आदर्श नगर स्थित रोटरी इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. रवि प्रकाश के कैंप कार्यालय पर भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों की उपलब्धि को शहर, प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय बताया गया।सम्मान समारोह में ब्रॉन्ज मेडल विजेता खिलाड़ी इंजी. दिग्विजय सिंह और प्रदीप कुमार को सम्मानित करते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. रवि प्रकाश ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर रुड़की, उत्तराखंड और पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल हमेशा जरूरतमंदों की सेवा और दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए कार्य करती रही है।रवि प्रकाश ने बताया कि जब खिलाड़ियों ने मलेशिया में आयोजित चैंपियनशिप में भाग लेने की जानकारी दी थी, तभी रोटरी की ओर से उन्हें स्पॉन्सरशिप का भरोसा दिया गया था। आज उनके मेडल जीतकर लौटने से यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि उचित सहयोग मिलने पर प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का गौरव बढ़ा सकती हैं।

कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर संजय सिंह ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने दिव्यांगता को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया, बल्कि अपनी मेहनत और प्रतिभा से देश-विदेश में उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही उत्तराखंड में दिव्यांग खेल नीति लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाएगी, जिससे ऐसे खिलाड़ियों को और बेहतर अवसर मिल सकेंगे।इस अवसर पर खिलाड़ियों इंजी. दिग्विजय सिंह और प्रदीप कुमार ने रोटरी रुड़की, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. रवि प्रकाश, पूर्व राज्यमंत्री ठाकुर संजय सिंह तथा सभी सहयोगियों का सहयोग और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
