रुड़की खानपुर
खानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता को वर्षों के इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है। अब क्षेत्र के लोगों को यात्रा के लिए डग्गामार वाहनों और प्राइवेट बसों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रुड़की से दल्लावाला तक रोडवेज बस सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है।इस बस सेवा का उद्घाटन उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और खानपुर विधायक उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने इसे क्षेत्र की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात बताया।गौरतलब है कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से खानपुर क्षेत्र के अधिकांश यात्री निजी बसों और डग्गामार वाहनों के सहारे सफर करने को मजबूर थे। रोडवेज बस सेवा शुरू होने से अब यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।विधायक उमेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया गया है और जनहित के अन्य कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

वहीं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल एक बस का संचालन शुरू किया गया है और यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।रोडवेज बस सेवा शुरू होने से खानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है और स्थानीय लोग इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।
