हरिद्वार
हरिद्वार के कनखल स्थित श्री स्वामी श्यामानंद भारती आश्रम में संचालित सिंधी पाठशाला में देव पूजन, गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्रधान आचार्य श्री मुकेश शास्त्री द्वारा देव, ऋषि एवं गुरुजनों के मंगलमय पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात संस्था के चेयरमैन, ट्रस्टियों एवं विद्वतजनों की उपस्थिति में गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ पारायण का शुभारंभ जयघोषों के बीच संपन्न हुआ।वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, सदाचार और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष श्री मेघराज जेसवानी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में निर्मल संतपुरा, कनखल के श्री महंत श्री जगजीत सिंह उपस्थित रहे, जिनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान संस्था के समस्त ट्रस्टियों का परिचय भी कराया गया। अपने संबोधन में अध्यक्ष श्री मेघराज जेसवानी ने विद्यालय परिवार की शिक्षिकाओं के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों के व्यक्तित्व निर्माण में अच्छे संस्कार, सदाचार और कौशल विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनाना भी है।
कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रबंधन द्वारा सभी अभिभावकों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
