देहरादून
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के आकस्मिक निधन पर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश पर अपर सचिव महावीर सिंह चौहान के हस्ताक्षर हैं।जारी आदेश के अनुसार 19 मई 2026 से 21 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में राजकीय शोक रहेगा। इस दौरान राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और किसी भी प्रकार के सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।सरकार की ओर से यह भी निर्देश दिए गए हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी का अंतिम संस्कार 20 मई 2026 को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अंतिम संस्कार के दिन राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे।शासन ने सभी विभागाध्यक्षों, जिलाधिकारियों, पुलिस विभाग और संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी उत्तराखंड की राजनीति का बड़ा चेहरा माने जाते थे। उनके निधन की खबर के बाद प्रदेशभर में शोक की लहर है।
