हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटलों और ढाबों का सघन निरीक्षण किया। यह अभियान जिला अभिहित अधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें रुड़की और हरिद्वार की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।निरीक्षण के दौरान करीब 14 होटलों और ढाबों की जांच की गई, जिनमें से 18 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। टीम को कई स्थानों पर गंदगी, खराब गुणवत्ता का तेल, और बिना लाइसेंस के खाद्य कारोबार संचालित होते मिले। इस पर अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कार्रवाई के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग भी पाया गया, जिस पर सख्त नाराजगी जताई गई और नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, शुद्ध खाद्य सामग्री का उपयोग करने और लाइसेंस अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।अधिकारियों ने बताया कि खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान टीम ने आम लोगों से भी अपील की कि वे जागरूक रहें और किसी भी तरह की खाद्य अनियमितता की सूचना विभाग को दें।
यह अभियान क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और लोगों को सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया गया।
