देहरादून रुड़की
धामी सरकार में लंबे समय से खाली चल रहे पांच मंत्रिमंडल पदों को आखिरकार भर दिया गया है। इस कैबिनेट विस्तार में हरिद्वार जिले को विशेष महत्व देते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे मदन कौशिक और रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।

मंत्रिमंडल में जगह मिलने के बाद दोनों नेताओं को लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है। पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए अपनी खुशी जाहिर की। जगह-जगह मिठाई बांटी गई और समर्थकों ने इसे हरिद्वार जिले के लिए गर्व का पल बताया।
इस मौके पर दोनों नेताओं ने पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।

कैबिनेट विस्तार के बाद हरिद्वार जिले में राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं और इसे जिले के विकास के लिए एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
