रुड़की में शिक्षा और तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। तहसील रुड़की परिसर में वी-मार्क इंडिया लिमिटेड द्वारा स्थापित आधुनिक कंप्यूटर लैब का लोकार्पण किया गया। इस लैब का उद्घाटन जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित और आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर कंपनी के प्रबंध निदेशक विकास गर्ग भी मौजूद रहे।

इस दौरान जिला प्रशासन और आईआईटी रुड़की के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शिक्षा देना है।आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर और छात्र विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे और कोर्स पूरा होने पर प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में बालिकाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।कार्यक्रम में प्रशासनिक और शैक्षणिक क्षेत्र के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल से छात्रों को नए अवसर मिलेंगे और वे डिजिटल क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे। वहीं आईआईटी रुड़की के निदेशक ने इसे शिक्षा और समाज के सहयोग का अच्छा उदाहरण बताया। यह पहल खासतौर पर ग्रामीण और जरूरतमंद छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने में मददगार साबित होगी।
