गैरशेण /रुड़की
उत्तराखंड विधानसभा के गैरसैंण में चल रहे बजट सत्र के दौरान रुड़की विधानसभा क्षेत्र के गणेशपुर का मुद्दा सदन में जोर-शोर से उठाया गया। रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा ने एडीबी द्वारा कराए गए सीवर लाइन निर्माण में हुई अनियमितताओं और उससे स्थानीय लोगों को हुए नुकसान का मामला सदन के समक्ष रखा।विधायक प्रदीप बत्रा ने सदन को अवगत कराया कि रुड़की के गणेशपुर क्षेत्र में एडीबी के माध्यम से कराए गए सीवर लाइन निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही और तकनीकी खामियों के कारण कई स्थानों पर लीकेज की समस्या उत्पन्न हो गई। इसके चलते आसपास के कई घरों और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों द्वारा पहले भी प्रशासन से मुआवजे की मांग की गई थी और आवेदन के माध्यम से क्षतिपूर्ति देने का अनुरोध किया गया था, लेकिन अब तक उन्हें किसी प्रकार की मुआवजा राशि नहीं मिल सकी है।इस संबंध में गणेशपुर रुड़की निवासी कुलदीप कुमार तोमर सहित अन्य प्रार्थियों की ओर से एक याचिका सदन के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिसमें क्षतिग्रस्त घरों और संपत्तियों के लिए मुआवजा दिलाने की मांग की गई है। विधायक प्रदीप बत्रा ने सदन से आग्रह किया कि याचिकाकर्ताओं की इस मांग को स्वीकार करते हुए मामले में जल्द उचित कार्रवाई की जाए ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
