रुड़की कलियर
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में 708वीं रैंक को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। दरअसल ‘फैरुज फातिमा’ नाम की दो युवतियों ने इस रैंक पर अपने चयन का दावा किया है, जिसके बाद लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई है।एक ओर उत्तराखंड के पिरान कलियर क्षेत्र की रहने वाली युवती ने खुद को 708वीं रैंक हासिल करने वाली बताया है, तो वहीं दूसरी ओर केरल की रहने वाली इसी नाम की एक अन्य युवती ने भी यूपीएससी परीक्षा में अपने चयन का दावा किया है।दोनों ही स्थानों पर युवतियों के चयन की खबर फैलते ही खुशी का माहौल बन गया है। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया जा रहा है, वहीं घरों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।हालांकि एक ही रैंक पर दो अलग-अलग स्थानों की युवतियों के दावे ने पूरे मामले को चर्चा का विषय बना दिया है। फिलहाल संघ लोक सेवा आयोग की ओर से अभी तक आधिकारिक मार्कशीट अपलोड नहीं की गई है, जिसके कारण स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।इस मामले में पिरान कलियर निवासी फैरुज फातिमा का कहना है कि यूपीएससी की सूची में जो नाम आया है वह उनका ही है। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा करीब 15 से 20 दिनों में मार्कशीट अपलोड की जाएगी, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।वहीं केरल की रहने वाली दूसरी फैरुज फातिमा का भी कहना है कि सूची में दर्ज नाम उनका ही है। ऐसे में अब सभी की नजर संघ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी की जाने वाली आधिकारिक मार्कशीट पर टिकी हुई है, जिसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि 708वीं रैंक की असली हकदार कौन है।
