रुड़की
रुड़की की शख्सियत और टैलेंट अब इंटरनेशनल मंच पर गूंज रहा है। शहर की युवा ब्यूटीशियन चंद्रिका ने अपनी कला के दम पर इंटरनेशनल बेस्ट मेकअप आर्टिस्ट का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। अहमदाबाद में आयोजित एशियन एक्सीलेंस अवार्ड 2024 के भव्य मंच पर जब बॉलीवुड की स्टाइल क्वीन शिल्पा शेट्टी ने चमचमाती ट्रॉफी थमाई, तो पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
29 से 31 अगस्त तक चले इस ग्रैंड फंक्शन में बॉलीवुड से लेकर फैशन वर्ल्ड तक की नामी हस्तियां मौजूद थीं। रेड कार्पेट पर जहां एक ओर स्टार्स का जलवा देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर चंद्रिका ने अपने हुनर से सबको हैरान कर दिया। अवार्ड नाइट में जब उनका नाम अनाउंस हुआ तो कैमरों की फ्लैश लाइट्स लगातार चमकती रहीं।
चंद्रिका को पहले भी कई बड़े मंचों पर सम्मान मिल चुका है। शाहजहां पदमसी, जैकलीन फर्नांडिस और पारुल चौहान जैसी बॉलीवुड अभिनेत्रियां भी उनके हुनर की तारीफ कर चुकी हैं। लेकिन इस बार का अवार्ड उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
चंद्रिका पिछले 8 सालों से रुड़की के शिवपुरम में अपना ब्यूटी सैलून चला रही हैं। यहां ब्राइडल मेकअप, हेयर रिबॉन्डिंग, नेल आर्ट, मेहंदी जैसी सभी मॉडर्न सुविधाएं उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि वह सिर्फ ब्यूटी इंडस्ट्री में नाम नहीं कमा रहीं, बल्कि दर्जनों लड़कियों को ट्रेनिंग देकर उन्हें भी ग्लैमर इंडस्ट्री में आत्मनिर्भर बना चुकी हैं।
रुड़की की इस बेटी ने यह साबित कर दिया है कि अगर जुनून और मेहनत हो तो छोटे शहरों से निकलकर भी लाइट्स, कैमरा और ग्लैमर की दुनिया में बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
