रुड़की
कोतवाली रुड़की क्षेत्र के टोडा कल्याणपुर गांव में हुए सनसनीखेज कंवरपाल हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। कंवरपाल की हत्या किसी आपसी रंजिश या जमीन विवाद में नहीं, बल्कि जादू-टोने के शक के चलते की गई थी। पुलिस ने इस मामले में नामजद हत्यारोपी ओमवीर उर्फ ओमी को गिरफ्तार कर लिया!
दिनांक 24 जुलाई 2025 को रुड़की कोतवाली में सूचना मिली कि गांव टोडा कल्याणपुर में रहने वाले कंवरपाल पुत्र स्वर्गीय कृपा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। शिकायत मृतक के बेटे सुमित कुमार द्वारा दर्ज कराई गई, जिसमें बताया गया कि ओमी और उसके साथियों ने साजिशन वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या की तह तक जाने के लिए एक विशेष टीम गठित की। गहन पूछताछ और दबिश के बाद हत्यारोपी ओमवीर उर्फ ओमी (उम्र 53) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के वक्त पहनी गई टी-शर्ट भी बरामद कर ली गई है।
कुछ साल पहले ओमी के बेटे की मौत हो गई थी। ओमी को शक था कि इसके पीछे मृतक कंवरपाल द्वारा की गई तांत्रिक क्रिया का हाथ है। दो दिन पहले इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था, जो बाद में जानलेवा दुश्मनी में बदल गया। काली माता मंदिर से गांव लौटते वक्त ओमी ने मौका देख कंवरपाल को रोका और ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस टीम में शामिल रहे:-प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव,व0उ0नि0 लोकपाल परमार,अ0उ0नि0 अषाढ़ सिंह पंवार,कांस्टेबल प्रदीप डंगवाल,कांस्टेबल अनूप लिंगवाल,कांस्टेबल प्रदीप कुमार,कांस्टेबल विशु पंवार,फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है।
