रुड़की
वैलनगिरी हिल्स नर्सिंग होम, रुड़की द्वारा ग्राम शेरपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में गाँव और आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
यह कैम्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर चल रहे स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किया गया। सीएम पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनसिंह रावत के आदेशानुसार सीएमओ हरिद्वार द्वारा जिलेभर में ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए गए थे।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर, शुगर टेस्ट, लिवर टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल व सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क परामर्श एवं दवाएँ भी प्रदान की गईं।
शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएँ पहुँचीं और स्त्री रोग सम्बन्धी जाँच व परामर्श लिया। महिलाओं ने माहवारी सम्बन्धी समस्याएँ, अधिक रक्तस्राव, पेट दर्द, हार्मोनल असंतुलन जैसी परेशानियाँ साझा कीं। डॉक्टरों द्वारा गर्भधारण, एनीमिया, प्रजनन स्वास्थ्य, गर्भाशय व अंडाशय की जाँच कराई गई। साथ ही स्तन स्वास्थ्य पर भी विशेष परामर्श दिया गया।

विशेषज्ञों ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जाँच व समय पर उपचार लेने की सलाह दी और स्त्री रोगों से बचाव पर जागरूक किया।
शिविर में निःशुल्क सोनोग्राफी परामर्श, स्त्री रोग संबंधी जाँचें और दवाएँ भी उपलब्ध करवाई गईं। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों से उन्हें न केवल सही मार्गदर्शन मिलता है बल्कि गाँव में ही चिकित्सा सुविधा सुलभ हो जाती है।

इस अवसर पर वेल्लियांगिरी हिल्स नर्सिंग होम के प्रबंधक डॉ. अर्पित सैनी ने कहा कि “इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है, ताकि समय रहते रोगों की पहचान और उपचार संभव हो सके।”

शिविर का आयोजन चौधरी कविन्दर के यहाँ किया गया। गाँववासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए वेल्लियांगिरी हिल्स नर्सिंग होम का आभार व्यक्त किया।
