रुड़की
बीती 30 सितंबर को मंगलौर क्षेत्र के गुरुकुल नारसन स्थित बिजली घर में कंपनी के एक मीटर से छेड़छाड़ के मामले ने विभाग में हड़कंप मचा दिया था। इस प्रकरण में ऊर्जा निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीओ मंगलौर अनुभव सैनी और एसडीओ लंढौरा गुलशन गलानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।

विभाग की ओर से तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया था। जांच पूरी होने के बाद दोनों अधिकारियों को आरोपों से मुक्त पाया गया है। जिसके बाद विभाग ने एसडीओ अनुभव सैनी और गुलशन गलानी का निलंबन आदेश समाप्त कर दिया है।दरअसल, 30 सितंबर की रात अज्ञात लोगों द्वारा कंपनी के मीटर में छेड़छाड़ की जा रही थी। विभागीय कर्मचारियों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी थी, जिसके आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया था।हालांकि प्रारंभिक चरण में बिना विस्तृत जांच के विभाग ने तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया था। लेकिन जांच रिपोर्ट में दो अधिकारियों को निर्दोष पाया जाने के बाद उन्हें पुनः सेवा में बहाल कर दिया गया है।
