भगवानपुर।
शिक्षक दिवस जैसे पावन अवसर पर भगवानपुर कांग्रेस के युवा नेता अभिषेक राकेश ने अपने पिता को ही अपना सच्चा गुरु मानते हुए भावपूर्ण नमन किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि उनके पिता, उत्तराखंड की राजनीति में अहम पहचान बनाने वाले, सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाले, लोकप्रिय नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. सुरेन्द्र राकेश जी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया जा रहा है।
अभिषेक राकेश ने कहा कि- मेरे पिता ही मेरे मार्गदर्शक रहे। राजनीति से लेकर सामाजिक जीवन तक उन्होंने हर कदम पर मुझे सिखाया कि इंसान को जाति, धर्म, वर्ग से ऊपर उठकर समाज की भलाई के लिए काम करना चाहिए। उनके आदर्श और संघर्ष ही मेरी पूँजी हैं। भगवानपुर की जनता उनके योगदान को कभी नहीं भूल सकती।
स्व. सुरेन्द्र राकेश ने अपने राजनीतिक जीवन में भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र को न सिर्फ राज्य स्तर पर, बल्कि प्रदेश की राजनीति में भी एक अलग मुकाम दिलाया। वह हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं की आवाज़ बने रहे। यही वजह है कि आज भी उन्हें क्षेत्र का हर वर्ग श्रद्धा से याद करता है।
पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि स्व. राकेश का व्यक्तित्व प्रेरणास्रोत है और उनके दिखाए रास्ते पर चलकर ही क्षेत्र का वास्तविक विकास संभव है।
अभिषेक राकेश ने आगे कहा कि आने वाले समय में वह अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे और भगवानपुर की जनता की सेवा में समर्पित रहेंगे।
