देहरादून/हरिद्वार।
उत्तराखंड एसटीएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से वन्यजीव तस्करी के नेटवर्क को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। एसटीएफ ने राजाजी नेशनल पार्क के खानपुर रेंज, थाना बुग्गावाला क्षेत्र से एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक हाथी दांत बरामद किया है, जिसकी लंबाई लगभग 22 इंच, गोलाई 9 इंच और वजन करीब 2.4 किलोग्राम बताया गया है।
एसटीएफ को यह कार्रवाई डब्ल्यूसीसीबी (वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो) दिल्ली से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर अंजाम दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली थी कि बुग्गावाला क्षेत्र में हाथीदांत और अन्य वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी की जा रही है।एसटीएफ टीम ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर बिहारीगढ़ से हरिद्वार जाने वाले मार्ग पर बुधवा शहीद गांव के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाम हसन उर्फ शमशेर (35 वर्ष), पुत्र मुनीर आलम, निवासी ग्राम दौलतपुर हजरतपुर उर्फ बुधवा शहीद, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि हाथी दांत एवं हाथियों के अंग वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल हैं, जिनका शिकार या व्यापार एक गंभीर अपराध है। आरोपी के खिलाफ थाना बुग्गावाला में वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।एसटीएफ टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।वन विभाग की टीम भी मामले की जांच में सहयोग कर रही है।एसएसपी एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को वन्यजीव तस्करी से जुड़ी जानकारी मिले, तो तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड (0135-2656202) से संपर्क करें।गिरफ्तार करने वाली टीम में शामिल रहे:उत्तराखंड एसटीएफ की विशेष टीम, डब्ल्यूसीसीबी दिल्ली की टीम तथा वन विभाग खानपुर रेंज की संयुक्त टीम।
