रुड़की
बढ़ते साइबर अपराधों और नशे की रोकथाम को लेकर कोतवाली रुड़की पुलिस ने आज शहर के विभिन्न स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की मनीष उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने केंद्रीय विद्यालय खंजरपुर, ग्रीनवे स्कूल आदर्श नगर और वासुदेव लाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बरहमपुर में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही, साइबर अपराधों से बचाव के लिए छात्रों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
छात्रों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना पर्सनल डेटा साझा न करें, लॉटरी या इनाम के झांसे में न आएं, ओएलएक्स जैसी साइटों पर बिना सत्यापन किए लेनदेन न करें और किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट या वीडियो को शेयर करने से बचें। इसके अलावा बैंकिंग व व्यक्तिगत जानकारी जैसे पैन कार्ड, एटीएम नंबर और ओटीपी आदि को किसी से साझा न करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने जागरूकता के दौरान साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी।
