रुड़की।
बरसात के मौसम में ग्रामीणों को जलभराव से हो रही परेशानी को देखते हुए मंगलवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की ने ग्राम पूहाना एवं किसानपुर जमालपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सिंचाई विभाग (IRI), लोक निर्माण विभाग (PWD), तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जलभराव प्रभावित इलाकों का बारीकी से अवलोकन किया गया और स्थानीय ग्रामीणों से समस्या के कारण व प्रभाव पर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने बताया कि नालों की सफाई व मरम्मत कार्य समय पर न होने के कारण बरसाती पानी रुक जाता है, जिससे घरों और खेतों में जलभराव हो जाता है।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने मौके पर ही संबंधित विभागों को जल निकासी और मरम्मत कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी ग्रामीण को असुविधा नहीं होनी चाहिए और इस दिशा में सभी विभाग आपसी समन्वय से त्वरित व समयबद्ध कार्रवाई करें।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान खोजने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाई जाएगी, जिससे भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके।
