हरिद्वार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में थाना झबरेड़ा पुलिस द्वारा ग्राम लाठरदेवा शेख में चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक व आपराधिक चुनौतियों के प्रति जागरूक किया।
चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को उत्तराखंड सरकार एवं पुलिस मुख्यालय से चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन 2025” और ऑपरेशन लगाम के तहत नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि नशे की लत व्यक्ति को चोरी, लूटपाट और आपराधिक गतिविधियों की ओर धकेल देती है। लोगों को समझाया गया कि समय रहते बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखना बेहद जरूरी है।
इसके साथ ही पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर ठगी, एटीएम फ्रॉड, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा व दुर्घटनाओं की रोकथाम जैसे विषयों पर भी जागरूक किया। पुलिस ने खासतौर पर नए-नए तरीकों से हो रही साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की।
चौपाल में गौकशी की घटनाओं पर रोक लगाने के महत्व पर भी जोर दिया गया और स्थानीय लोगों को इस दिशा में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
थानाध्यक्ष झबरेड़ा अजय शाह ने कहा कि ऐसे अभियान समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं।
