बहदराबाद / हरिद्वार
बहादराबाद क्षेत्र में हुई दोस्ती को कलंकित करने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। थाना बहादराबाद क्षेत्र निवासी सुशील कुमार ने पुलिस को तहरीर दी कि उसके भतीजे सौरभ पुत्र राजाराम को उसके दोस्त रोहित ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल सौरभ को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथरी पावर हाउस के पास से आरोपी रोहित पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम बहादराबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया। पूछताछ में आरोपी रोहित ने बताया कि 12 अक्टूबर की शाम वह अपने दोस्त सौरभ के साथ शराब पीने गया था। दोनों के बीच 1200 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। झगड़े के दौरान सौरभ ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने घर से चाकू लाकर सौरभ के घर में घुसकर उस पर कई बार वार किए, जिससे सौरभ की मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।पुलिस टीम: – थानाध्यक्ष बहादराबाद अंकुर शर्मा, व0उपनि0 नितिन बिष्ट,उपनि0 अमित नौटियाल,हेड का0 नरविन्द्र,मनमोहन, मुकेश नेगी, वीरेन्द्र चौहान।
