हरिद्वार
हरिद्वार वन विभाग में आज बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार लगभग पांच वन क्षेत्राधिकारियों का तबादला किया गया है। बताया जा रहा है कि यह बदलाव विभागीय कार्यप्रणाली को मजबूत करने और क्षेत्र में बढ़ती शिकायतों को देखते हुए किया गया है।

रुड़की वन क्षेत्राधिकारी विनय कुमार राठी, जो अपने आप को एक वन्यजीव प्रेमी और संवेदनशील अधिकारी के रूप में पहचानते हैं, उन्हें अब श्यामपुर रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं शैलेंद्र सिंह नेगी को रुड़की वन क्षेत्र का नया अधिकारी नियुक्त किया गया है।सूत्रों के अनुसार, रुड़की रेंज पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाओं और विवादों में रही है। क्षेत्र में अवैध खनन, पेड़ कटान और वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें लगातार उठ रही थीं। इन हालातों को देखते हुए वन विभाग ने अब इस रेंज में नई नियुक्ति कर सक्रिय और सख्त निगरानी का संदेश दिया है।विभागीय सूत्रों का कहना है कि तबादले के जरिए कामकाज में पारदर्शिता लाने और जमीनी स्तर पर सुधार की उम्मीद की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि नई टीम गंभीरता से काम करे, तो वन्यजीव संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर रोकथाम में ठोस परिणाम सामने आ सकते हैं।
