देहरादून उत्तराखंड
देहरादून आयुक्त महोदय के निर्देशों एवं अपर आयुक्त द्वारा गठित टीम को दिए गए निर्देशों के तहत, उप औषधि नियंत्रक महोदय, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के क्रम में औषधि निरीक्षक, FDA, देहरादून मानेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में लगातार संयुक्त औचक निरीक्षण अभियान जारी।
यह कार्रवाई पलटन बाजार, घंटाघर क्षेत्र, राजकीय एस.पी.एस. चिकित्सालय रोड ऋषिकेश, जॉलीग्रांट, अजबपुर एवं नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों व थोक विक्रेता फर्मों पर की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कुछ प्रतिष्ठानों में बच्चों को खांसी और जुकाम के लिए दी जाने वाली कुछ सिरप दवाओं को अलग रखकर भंडारित किया गया था। इन प्रतिबंधित औषधियों को मौके पर ही सील कर दिया गया और उनके विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई।
टीम ने बताया कि अधिकांश औषधि विक्रेता फर्मों द्वारा प्रतिबंधित कफ सिरप का विक्रय अब रोक दिया गया है। वहीं, निरीक्षण के दौरान भंडारित और प्रदर्शित प्रतिबंधित कफ सिरप की पेटियों को टीम ने मौके पर सील कर दिया। अनियमितताएं पाए जाने पर एक औषधि विक्रय प्रतिष्ठान के क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई और उसे बंद कराया गया।
कार्रवाई के दौरान कुल 11 औषधियों के नमूने गुणवत्ता जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि SYP. COLDRIF, SYP. RESPIFRESH-TR और SYP. RELIFE जैसी औषधियों का कोई स्टॉक उपलब्ध नहीं था।
औषधि निरीक्षक मानेंद्र सिंह राणा ने बताया कि देहरादून जिले में इस तरह की जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई में औषधि निरीक्षक विनोद जागुड़ी एवं निधि रतूड़ी भी सम्मिलित रहे।
