देहरादून।
देहरादून आयुक्त महोदय के निर्देशों एवं अपर आयुक्त द्वारा गठित टीम को दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में उप औषधि नियंत्रक, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक मानेंद्र सिंह राणा (FDA, देहरादून) के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बंजारावाला, चांचक चौक, त्यागी रोड और कारगी ग्रांट क्षेत्रों में स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोरों व थोक औषधि विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर संयुक्त औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम को कई प्रतिष्ठानों में बच्चों को सर्दी-खांसी में दी जाने वाली प्रतिबंधित दवाएं (कफ सिरप) अलग रखकर भंडारित मिलीं, जिन्हें मौके पर सील कर दिया गया। साथ ही इन औषधियों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए गए। विभागीय टीम ने पाया कि अधिकांश विक्रेताओं ने प्रतिबंधित कफ सिरप का विक्रय बंद कर दिया है, फिर भी कुछ स्थानों पर भंडारित स्टॉक को पेटियों में बंद कर सील किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर तीन औषधि विक्रय फर्मों के क्रय-विक्रय पर रोक लगाते हुए प्रतिष्ठान सील किए गए, वहीं दो फर्मों के लाइसेंस निलंबित एवं एक फर्म का लाइसेंस निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है।

कार्यवाही के दौरान छह औषधियों के नमूने गुणवत्ता जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान प्रश्नगत प्रतिबंधित औषधियां जैसे :-
SYP. COLDRIF,SYP. RESPIFRESH -TR, SYP. RELIFE, का स्टॉक किसी भी फर्म में उपलब्ध नहीं पाया गया।
