ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने उत्तराखंड कांग्रेस में बड़े फेरबदल का ऐलान किया है। पार्टी अध्यक्ष ने गणेश गोदियाल को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पार्टी अध्यक्ष ने प्रदेश के प्रचार समिति और निर्वाचन प्रबंधन समिति के अध्यक्षों की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है।
नियुक्तियों के अनुसार –
प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
डॉ. हरक सिंह रावत को निर्वाचन प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं, पार्टी ने मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें कांग्रेस वर्किंग कमेटी में विशेष आमंत्रित सदस्य (Special Invitee) के रूप में शामिल किया है।
कांग्रेस के इस निर्णय को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठन में नई ऊर्जा लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पार्टी ने बयान में कहा है कि करण माहरा के नेतृत्व में संगठन ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और पार्टी उनके योगदान की सराहना करती है।
राज्य में बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच कांग्रेस के इस संगठनात्मक पुनर्गठन से कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिल रहा है।
