बहदराबाद / हरिद्वार
थाना बहादराबाद क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने अपने विपक्षी को फंसाने के लिए अपनी ही हत्या की फर्जी साजिश रच डाली। जमीनी विवाद के चलते झूठे मुकदमे में विपक्षी को फंसाने की मंशा से उसने अपनी ही कार पर फायरिंग करवाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने जब इस पूरे प्रकरण की तहकीकात की, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो गया।
क्या था मामला
दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को जाकिर पुत्र ताहिर, निवासी ग्राम घोड़ेवाला, थाना बहादराबाद ने पुलिस में तहरीर दी कि उसके विपक्षी जावेद पुत्र याकूब, मुनफेत और जुनेद (निवासी घोड़ेवाला) ने उसकी हत्या करवाने के लिए 30 लाख रुपये की सुपारी दी है। उसने यह भी आरोप लगाया कि इस साजिश में जलालपुर और रुड़की के कुछ युवक शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल थानाध्यक्ष बहादराबाद को गहन जांच के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने जब संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ की, तो सामने आया हैरतअंगेज सच।
झूठ की कहानी में उलझ गया खुद जाकिर
जांच में खुलासा हुआ कि जाकिर का अपने विपक्षी जावेद से पिछले तीन-चार वर्षों से जमीनी विवाद चल रहा था। उसी विवाद में बढ़त हासिल करने और विपक्षी पक्ष पर दबाव बनाने के लिए उसने झूठी हत्या की साजिश रच डाली।
जाकिर ने आजम, उस्मान और सोहेल नामक युवकों को ₹50,000 का लालच देकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी ही कार पर फायरिंग करवाने की योजना बनाई थी। इसके बाद वह विपक्षी पर हत्या की सुपारी देने का आरोप लगाने वाला था।
लेकिन पुलिस की गहन पूछताछ में पूरा खेल खुल गया। सभी आरोपी थाने में ही एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे और झगड़ पड़े। जिसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।
लाइसेंसी पिस्टल जब्त, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस जांच में सामने आया कि जाकिर की लाइसेंसी पिस्टल, जिसका रिन्यूवल पहले ही समाप्त हो चुका था, उसके भतीजे खालिक के पास मिली।इस पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 400/2025 धारा 21/30 आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर हथियार जब्त कर लिया।साथ ही, पिस्टल के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट संबंधित प्राधिकारी को भेज दी गई है।
पुलिस का सख्त संदेश
हरिद्वार पुलिस ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए कहा कि,किसी निर्दोष को फंसाने या झूठा मुकदमा दर्ज करवाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिरासत में लिए गए आरोपी:– जाकिर पुत्र ताहिर – निवासी घोड़ेवाला,खालिक पुत्र सुलेमान – निवासी घोड़ेवाला,उस्मान पुत्र लियाकत – निवासी जलालपुर,सोहेल पुत्र हसरत – निवासी सोत मोहल्ला, रुड़की,आजम पुत्र इलियास – निवासी कान्हापुर,शाजिद पुत्र सुलेमान – निवासी घोड़ेवाला
पुलिस की समय रहते की गई जांच से एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। यह मामला इस बात की मिसाल है कि झूठ कितनी भी सावधानी से रचा जाए, सच के सामने टिक नहीं पाता।
