रुड़की
आजाद समाज पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आज नगर पंचायत रामपुर में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रवेज सुल्तान ने समाजसेवी अजहरुद्दीन को आजाद समाज पार्टी का सदस्यता पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर अजहरुद्दीन समाजसेवी ने पार्टी की सदस्यता स्वीकार करते हुए कहा कि अब वह आजाद समाज पार्टी के साथ मिलकर समाज की सेवा और पार्टी के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
अजहरुद्दीन को तहसील रुड़की का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों को मजबूती से जिताकर पार्टी की प्रगति को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, “आजाद समाज पार्टी किसी नेता की पार्टी नहीं है, बल्कि यह गरीब, मजलूम और बहुजन समाज की पार्टी है, जहां नेता नहीं इंसान की अहमियत होती है।
प्रदेश अध्यक्ष मेहक सिंह ने कहा कि पार्टी का विस्तार तेज़ी से हो रहा है और इसके साथ ही हर तहसील और ब्लॉक में मजबूती से संगठन खड़ा किया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रवेज सुल्तान ने भी कार्यकर्ताओं को संदेश दिया कि वे पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता से पार्टी के मकसद को आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम में दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने जोशपूर्ण नारेबाजी के साथ पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। आने वाले समय में आजाद समाज पार्टी की सक्रियता और विस्तार की उम्मीद जताई जा रही है।
