राज्य को राजस्व हानि पहुँचाने वालों पर होगी सख्त कार्यवाही – डीएम
हरिद्वार, हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अवैध खनन के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई करवाई है। जिला खान अधिकारी काजिम रज़ा ने बताया कि जिलाधिकारी को अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने टीम गठित कर छापेमारी के निर्देश दिए।

निर्देशों के तहत 23 जुलाई की रात करीब 2:15 बजे तहसील हरिद्वार के ग्राम सहदेवपुर हरदेवपुर उर्फ रानीमाजरा में विभागीय दल ने मै० श्री शिव शक्ति स्टोन क्रेशर का औचक निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि इस क्रेशर को 10 जुलाई 2025 को ही सील कर दिया गया था, इसके बावजूद यहाँ से चोरी-छुपे अवैध उपखनिज निकाला जा रहा था।
मौके पर क्रेशर के मुख्य गेट को दोबारा सील कर दिया गया और चौकी फेरूपुर में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि सरकार को राजस्व हानि पहुँचाने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
