रुड़की
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में बंदूक लहराते हुए युवक को देख पुलिस हरकत में आ गई। जांच के दौरान सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रही बंदूक वास्तव में एयरगन थी।पुलिस ने वीडियो की जांच पड़ताल के बाद आरोपी युवक की पहचान अयान पुत्र नौशाद निवासी ग्राम माधोपुर, उम्र 22 वर्ष के रूप में की। युवक ने सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए एयरगन के साथ वीडियो बनाकर वायरल किया था।

कोतवाली गंगनहर पुलिस ने आरोपी अयान को थाने बुलाकर सख्त लहजे में चेतावनी दी और पुलिस एक्ट में चालान काटते हुए कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के कृत्य कानूनन अपराध की श्रेणी में आते हैं, और किसी भी स्थिति में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।सोशल मीडिया पर चर्चाओं में रहने के लिए की गई लापरवाही ने युवक को थाने की चौखट तक पहुंचा दिया।
